
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी)दिनांक 27 मार्च 2025 को कमाडेंट रवीन्द्र कुमार राजेश्वरी के निर्देशन में समवाय मुख्यालय बनकटी द्वारा पुलिस स्टेशन गौरीफंटा के साथ एक संयुक्त गश्त अभियान चलाया गया । इस अभियान का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना था । गश्त के दौरान, टीम जब बनकटी गेस्ट हाउस के पास पहुंची, तो नेपाल की ओर जाने वाले एक नेपाली नागरिक को संदेह के आधार पर रोका गया और उससे पूछताछ की गई । पूछताछ में उसने अपना नाम धर्मेन्द्र सिंह (उम्र – 23 वर्ष, पुत्र – जनक सिंह, निवासी – जुगेड़ा, धनगड़ी, जिला – कैलाली, सुदूर पश्चिम, नेपाल) बताया । पूछताछ के दौरान उसके जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर उसकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई । तलाशी के दौरान, उसकी पैंट की दाहिनी जेब से काली पॉलीथिन में लिपटा हल्के भूरे रंग का पदार्थ बरामद हुआ । संदेह होने पर जब गश्त टीम ने गहन पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि यह ब्राउन शुगर है, जिसे उसने एक अज्ञात भारतीय व्यक्ति से खरीदा था । आगे पूछने पर उसने बताया कि वह स्वयं नशे का सेवन करता है और नेपाल में ऊँचे दामों पर इसे बेचने का काम करता है । गश्त टीम द्वारा अभियुक्त के पास से कुल 8.27 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई । पकड़े गए अभियुक्त और जब्त अवैध मादक पदार्थ को विधिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस स्टेशन गौरीफंटा के सुपुर्द किया गया ।
इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकना और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है । इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सीमा क्षेत्र को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाया जा सके ।
