
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी)उत्तर खीरी वन प्रभाग / बफर जोन, दुधवा टाइगर रिजर्व लखीमपुर खीरी की पलिया रेंज के अन्तर्गत दिनाँक 26.02.2025 को गश्त के दौरान समय लगभग 03:00 से 04:00 बजे प्रातःकाल सूचना प्राप्त हुयी कि पलिया बीट के ग्रामीण क्षेत्र ग्राम फुलवरिया (ग्राम पंचायत मुँजहा) में बाधिन द्वारा दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है, जिसके उपरान्त ग्रामीणों द्वारा बाघिन को भी घेरकर घायल कर दिया गया है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी, पलिया रेंज द्वारा स्थानीय पुलिस विभाग के अधिकारियो को सूचना दी गयी तथा पुलिस बल, विभागीय पशुचिकित्सक तथा रेंज के वनकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुँचकर उक्त घायल बाधिन को सुरक्षित कब्जे में लेकर रेंज परिसर पलिया लाया गया। विभागीय पशुचिकित्सक द्वारा बाधिन का परीक्षण किया गया तथा उनके द्वारा परीक्षणोपरान्त अवगत कराया गया कि यह एक अवयस्क बाधिन है जिसकी मृत्यु हो चुकी है। क्षेत्रीय वन अधिकारी, पलिया रेंज द्वारा रेंज कैस संख्या-03/2024-25 दिनाँक 26.02.2025 को अज्ञात अभियुक्तगणों के विरूद्ध केस इजरा कर विधिक कार्यवाही की गयी।
राष्ट्रीय व्याघ्र संरक्षण प्राधिकरण, भारत सरकार द्वारा प्रचालित मानक प्रचालन प्रक्रिया में निहित प्राविधानो के अनुसार बाधिन का अन्त्य परीक्षण पशुचिकित्सकों के गठित पैनल द्वारा किया गया। तत्पश्चात विस्तृत परीक्षण हेतु बाधिन के आन्तरिक अंगों का विसरा भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, बरेली भेजने हेतु सुरक्षित कर लिया गया। अन्त्य परीक्षणोपरान्त बाधिन के शव को उसके समस्त अंगों सहित पशुचिकित्सकों, अधिकारियों एवं साक्षियों की उपस्थिति में पलिया रेंज परिसर में जलाकर नष्ट कर दिया गया।
