पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी। दीपावली के दीपक घरों को रोशन करते हैं, लेकिन किसी के जीवन में अपनत्व और खुशियों का उजाला भरना ही इस पर्व की वास्तविक सार्थकता है। इसी मानवीय संवेदना और आत्मीय पहल के साथ सीडीओ योगानंद पांडेय दीपावली की खुशियां बांटने सलेमपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने बुजुर्गों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं और उन्हें यह एहसास कराया कि वे समाज और प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
समाज कल्याण विभाग द्वारा वित्तपोषित वृद्धाश्रम में सीडीओ को अपने बीच पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। सीडीओ ने प्रत्येक वृद्धजन से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को फल, मिठाई एवं दीपावली के अन्य उपहार भेंट किए। उपहारों के साथ मिले स्नेह और सम्मान ने बुजुर्गों को भावुक कर दिया। वृद्धजनों ने भी सीडीओ को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। कुछ पल के लिए वृद्धाश्रम का माहौल किसी परिवार के उत्सवी मिलन जैसा हो गया।
सीडीओ योगानंद पांडेय ने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनकी दिनचर्या और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उनकी आत्मीयता ने यह संदेश दिया कि त्योहार की खुशियां तभी पूरी होती हैं, जब समाज के हर वर्ग तक उनका उजाला पहुंचे। खासकर जीवन के इस पड़ाव पर बुजुर्गों को सम्मान, स्नेह और साथ देना हम सभी का सामाजिक दायित्व है।इस अवसर पर पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय एवं वृद्धाश्रम के केंद्र संचालक मौजूद रहे।