(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी) लखीमपुर खीरी। दीपावली के पावन पर्व पर शहरवासियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी एवं संबंधित अधिकारियों की टीम के साथ पीके इंटर कॉलेज मैदान में लगने वाली अस्थाई पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखा दुकानों की स्थापना पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी तरह की लापरवाही न हो।

डीएम ने निर्देशित किया कि पूर्व की भांति पीके इंटर कॉलेज मैदान में ही निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अस्थाई पटाखा दुकानों की स्थापना सुनिश्चित कराई जाए। दुकानों के बीच निर्धारित दूरी, अग्नि सुरक्षा सहित सभी जरूरी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पटाखों की खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो और बाजार में सुरक्षित माहौल बना रहे।

उन्होंने मैदान के समीप ही व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, जिससे खरीदारी के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को अपने वाहनों की पार्किंग के लिए भटकना न पड़े। डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलुव राजू आर और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पटाखा बाजार में सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, आवागमन और आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे दीपावली का पर्व खुशियों और उल्लास के साथ सुरक्षित वातावरण में मनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी महक शर्मा, तहसीलदार सदर मुकेश कुमार वर्मा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, ईओ संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *