


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 02 सितंबर। मोहाना और कर्णाली नदी में बढ़े जलस्तर से तहसील निघासन के ग्राम जसनगर स्थित गिरिजा बैराज के एफ्लक्स बंधे के समीप नदी द्वारा किए जा रहे कटान को रोकने के लिए शारदा नगर सिंचाई खंड द्वारा युद्धस्तर पर चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों का डीएम अंजनी कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम यदुवीर सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड अजय कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड शारदा नगर करणपाल गंगवार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी और ग्रामवासी मौजूद रहे।
*डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मौके पर ही परखी बचाव कार्यों की गति*
डीएम ने फ्लड फाइटिंग के लिए कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई और आगे की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कटान रोकने के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बचाव कार्यों को तेज गति से, पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए।
कटान की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने कार्य दिन-रात लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रात में काम करने वाले कर्मचारियों और मशीनरी के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि अंधेरे के कारण बचाव कार्य प्रभावित न हो।
*डूब क्षेत्र में आबादी, सुरक्षित विस्थापन के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान एफ्लक्स बंधे के अंदर डूब क्षेत्र में बसी आबादी को लेकर भी डीएम ने जानकारी ली। अधिशासी अभियंता करणपाल गंगवार ने बताया कि संबंधित आबादी डूब क्षेत्र के भीतर आती है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएम ने तहसील प्रशासन और एसडीएम को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रभावित ग्रामीणों के सुरक्षित विस्थापन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।
*ग्रामीणों से संवाद, हरसंभव मदद का भरोसा*
डीएम ने मौजूद ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने बाढ़ की स्थिति और गांव की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं डीएम के सामने रखीं। डीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और ग्राम की सुरक्षा के लिए हरसंभव जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
