


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर-खीरी, 04 जून। जनपद में बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा न्यूनीकरण हेतु शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन पूर्णतः संवेदनशील है। इसी क्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने गुरुवार दोपहर शारदानगर बाढ़ खंड के अंतर्गत ऐरा पुल से अम्बरपुर तटबंध के किमी 2.600 पर क्रियान्वित किए जा रहे स्पर पुनरोद्धार कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर सम्बन्धित को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने परियोजना की अद्यतन वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की। ₹393.58 लाख (अनुबंधित लागत ₹336.00 लाख) की इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति का आंकलन करते हुए आसन्न मानसून सत्र को दृष्टिगत रखते हुए कार्य की गति को और तीव्र करने के कड़े निर्देश निर्गत किए।
मौके पर उपस्थित अधिशासी अभियंता (बाढ़ खंड) अजय कुमार ने डीएम को अवगत कराया कि उक्त परियोजना के अंतर्गत 165.00 मीटर की निर्धारित लंबाई में स्पर के पुनरोद्धार का कार्य प्रगति पर है, जिसका लगभग 60 प्रतिशत भाग पूर्ण कराया जा चुका है। परियोजना के तकनीकी प्राविधानों के अनुसार, स्पर के अपस्ट्रीम तथा डाउनस्ट्रीम दोनों ओर मिर्ज़ापुर स्टोन बोल्डर को जीआई वायर क्रेट में भरकर स्लोप पिचिंग तथा लॉन्चिंग एप्रन डालने का कार्य किया जा रहा है।
डीएम ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु स्टोन बोल्डर तथा वायर क्रेट के नमूनों का सूक्ष्म तकनीकी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में मानक एवं गुणवत्ता के प्रति किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित कार्यदायी फर्म और बाढ़खंड के उत्तरदायी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून जनित जलभराव अथवा नदी के जलस्तर में वृद्धि से पूर्व, अवशेष 40 प्रतिशत कार्य को युद्धस्तर पर पूर्ण किया जाए।
