

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां ( खीरी) बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड चीनी मिल पलिया व गन्ना विकास परिषद पलिया परिक्षेत्र के ग्राम सेमरीपुरवा में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें गन्ना किसान संस्थान शाहजहांपुर के सहायक निदेशक डॉ. पी के कपिल ने कम लागत से गन्ना की अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने एवं सहफसली खेती करके अतिरिक्त आय प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक विधि से खेती करने के सम्बन्ध में उपस्थित गन्ना कृषकों को बिन्दु वार विस्तार से जानकारी दी। जिसमें मृदा स्वास्थ्य उत्तम बनाए रखना, मृदा में कार्बनिक खाद का उपयोग करना, खेत की गहरी जुताई करना, उन्नतिशील गन्ना प्रजाति की स्वस्थ बीज उत्पादित करना , गहरी नाली में गन्ना की स्पेस प्लाटिंग करना , बीज एवं भूमि शोधन के लिए बायो पेस्टीसाइड्स का उपयोग करना , फसल अवशेष को मृदा में मिलाना, फसल के लिए उपयोगी सूक्ष्म जीवाणुओं की मृदा में पर्याप्त संख्या बनाए रखना , संतुलित पोषक तत्वों का मृदा में फसल पर उपयोग करना , कीट रोगों से फसल की सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार जैव नियंत्रक का उपयोग करना, समय समय पर आवश्यक सस्य क्रियाएं जैसे निराई करके यांत्रिक विधि से खर पतवार नियंत्रण करना , गन्ना फसल की जड़ पर मिट्टी चढ़ाना, गन्ना बधाई कराना इत्यादि विषय सम्मिलित है। इस अवसर पर प्रगतिशील कृषक तरसेम सिंह, डायरेक्टर गन्ना समिति रंजीत सिंह, प्रधान प्रबंधक गन्ना – राजीव तोमर, वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक प्रवीण सिंह , भूतपूर्व ग्राम प्रधान राम नरेश , ब्लॉक प्रभारी राकेश कुमार पाण्डेय,ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक उपस्थित रहे तथा कृषकों के लिए उपयोगी विषय पर अपने विचार व्यक्त किए । गोष्ठी में उपस्थित गन्ना कृषकों के प्रश्नों के विषय में तत्समय ही उत्तर देकर समस्या समाधान किया गया।
