(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) जिले के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित व्यापारिक मंडियों के कारोबार पर नेपाल सरकार की नई नीतियों के खिलाफ व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। बृहस्पतिवार को नगर व्यापार मंडल पलिया (कंछल गुट) के अध्यक्ष गौरव गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सीमावर्ती व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी प्रदर्शन करते हुए पलिया तहसील पहुंचे। यहाँ व्यापारियों ने नेपाल सरकार द्वारा 100 रुपये से अधिक के घरेलू सामान पर लगाए गए प्रतिबंध और भारी टैक्स के विरोध में जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी डॉ. अवनीश कुमार को, वहीं एक अन्य ज्ञापन स्थानीय भाजपा विधायक रोमी साहनी को सौंपा। व्यापारियों का साफ तौर पर कहना है कि इन नए नियमों के कारण सीमावर्ती बाजारों का व्यापार 50 प्रतिशत से भी अधिक गिर गया है, जिससे लाखों लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं व्यापार मंडल के अध्यक्ष गौरव गुप्ता का कहना है कि भारत और नेपाल के बीच हमेशा से मधुर संबंध रहे हैं और भारत निरंतर नेपाल को जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करता है। इसके बावजूद नेपाल की नई सरकार द्वारा लागू किए गए कड़े नियमों से बनगवां, सूड़ा, चन्दन चौकी, बसही, खजुरिया और संपूर्णानगर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों का व्यापार चौपट होने की कगार पर है। व्यापारियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस मामले में कूटनीतिक स्तर पर दखल देकर टैक्स (भंसार) को हटवाया जाए और पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस ज्ञापन की प्रतियां विदेश मंत्री एस. जयशंकर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी भेजी गई हैं। इस मौके पर व्यापार मंडल कंछल गुट के जिला मंत्री अमित महाजन,महामंत्री जसवीर फ्लोरा, कोषाध्यक्ष श्यामानंद, देवेंद्र अरोड़ा, रघुनाथ राठौर, मिश्रा गुट के अध्यक्ष अनूप मिश्रा, संदीप बंसल, गौरव अग्रवाल,बराती लाल गुप्ता व तिकुनिया उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश कंछल,महामंत्री शिशिर गुप्ता, संपूर्णानगर व्यापार मंडल अध्यक्ष इस्तियाक अहमद खान, महामंत्री कुलदीप सिंह बरार,
बनगवां मंडी से अध्यक्ष शोभित गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, चंदन चौकी मंडी से अभिषेक गुप्ता,महामंत्री मनोज गुप्ता,बसही से अनिल मधेशिया,मनीराम,भरत पटवा, सुमित गुप्ता सहित अन्य व्यापार मंडल के पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed