पलिया कलां (खीरी) रोटरी क्लब भीरा ने रविवार रात औजला रिसॉर्ट, पलिया रोड भीरा में नौ कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों ने रीति-रिवाज के अनुसार सात फेरे लिए।क्लब द्वारा यह सामाजिक कार्य पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी किया गया। शाम 7 बजे से प्रीतिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें रोटरी क्लब पलिया, रोटरी क्लब गोला सेंट्रल, रोटरी क्लब गोला मुस्कान और रोटरेक्ट क्लब गोला के सदस्य शामिल हुए। क्षेत्र के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।रोटरी क्लब के अध्यक्ष रो. अमनदीप सिंह ने बताया कि सामाजिक सरोकार के तहत क्लब हर वर्ष जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह आयोजित करता है। इस बार नौ जोड़ों का विवाह कराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि सभी कन्याओं को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया।इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष रो. बिजेंद्र जैन, सचिव रो० राहुल खन्ना, कोषाध्यक्ष रो. अनुज गोयल सहित क्लब के सभी सदस्य और नगर के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।