(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 02 मई। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील निघासन के सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने एक ओर जहां फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, वहीं दूसरी ओर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किए।

जनसुनवाई के दौरान डीएम व एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान सर्वोपरि है। गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की समस्याओं का संवेदनशीलता से तुरंत समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए संतोषजनक निस्तारण करें और भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल कार्यवाही करे।

इस समाधान दिवस में कुल 125 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत हुए, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 64, पुलिस विभाग की 26, विकास विभाग की 07, आपूर्ति 09, विद्युत विभाग की 06, नगर पंचायत 05, समाज कल्याण 03, बाल विकास पुष्टाहार, शिक्षा, वन, जल निगम, बैंक की 01-01 एक शिकायत शामिल रहीं। सभी प्रार्थना पत्रों को पृष्ठांकित कर संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण हेतु सौंपा गया। इस दौरान सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एसडीएम राजीव कुमार निगम, सीओ शिवम कुमार, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, बीडीओ जयेश कुमार सिंह, श्रद्धा गुप्ता सहित जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
*समाधान दिवस पर खिली मुस्कान, थारू महिलाओं को मिली ‘अपने घर’ की चाबी*
संपूर्ण समाधान दिवस जनपद में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का साक्षी बना। डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग व सीडीओ अभिषेक कुमार ने थारू क्षेत्र की 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत घर की चाबी सौंपी। डीएम ने कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे पात्रों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी देख कार्यक्रम सफल रहा।

*गोसेवा में आगे आए ‘दानवीर’, प्रशासन ने किया सम्मान*
गोवंश की सेवा में मिसाल पेश करते हुए निघासन क्षेत्र के ग्रामीणों ने आगे बढ़कर अस्थायी गो आश्रय स्थलों के लिए भूसा दान किया। जनसहभागिता के इस सराहनीय प्रयास को सम्मान देते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग व सीडीओ अभिषेक कुमार ने दानदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। तहसील निघासन की ग्राम पंचायत सिंगहाकला के अर्जुन लाल ने रकेहटी गो आश्रय स्थल में 10 कुंतल भूसा दिया। वहीं बगलहाकुटी के प्रमोद निषाद ने चखरा गो आश्रय स्थल को 10 कुंतल, हरिपुरवा रकेहटी के जगत नारायण मौर्य ने रकेहटी देहात स्थित आश्रय स्थल में 22 कुंतल और दुबहा के नेकीराम पाल ने धर्मापुर गो आश्रय स्थल के लिए 10 कुंतल भूसा उपलब्ध कराया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed