


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां(खीरी) लखीमपुर खीरी 30 अप्रैल। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। पहले चरण के तहत 7 से 21 मई के बीच होने वाली स्व-गणना को सफल बनाने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में बुधवार को सीडीओ अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में जनपदीय अधिकारियों की कार्यशाला व प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित हुआ।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने जनगणना में सेल्फ सर्वे (स्व-गणना) के फायदे गिनाते हुए कहा कि इससे आमजन को कई तरह की सहूलियत मिलती है। उन्होंने बताया कि लोग घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से जानकारी भर सकते हैं, जिससे समय और श्रम की बचत होती है। डाटा की सटीकता बढ़ती है, क्योंकि जानकारी खुद परिवार द्वारा दर्ज की जाती है।
गणना प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होती है। सीडीओ ने लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें और समय सीमा के भीतर अपनी जानकारी जरूर दर्ज करें।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग के कर्मचारियों से स्व-गणना पोर्टल पर अनिवार्य रूप से डाटा भरवाएं। इसके बाद सिस्टम से मिलने वाली 11 अंकों की यूनिक आईडी को फील्ड में तैनात प्रगणकों को सौंपना होगा, ताकि जमीनी स्तर पर काम में तेजी और सटीकता बनी रहे।
सीडीओ ने जनगणना के तहत सेल्फ सर्वे को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन “विभाग दिवस” भी निर्धारित किए हैं। इसका उद्देश्य है कि हर विभाग अपने-अपने सेक्टर में सक्रिय भूमिका निभाए। निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी न केवल स्वयं स्व-गणना में भाग लें, बल्कि आमजन को भी इसके लिए जागरूक और प्रेरित करें। इससे जनगणना अभियान को व्यापक जनसहभागिता मिलेगी और अधिक से अधिक लोग समय पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जिला जनगणना अधिकारी/एडीएम नरेन्द्र बहादुर सिंह ने समस्त चार्ज अधिकारियों को तृतीय चक्र के प्रशिक्षण को पूर्ण करने पर सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए अन्तिम चक्र में शत प्रतिशत जनशक्त्ति के साथ प्रगणक/पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण को समय से पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया। कार्यशाला में जनगणना कार्य निदेशालय से जिला प्रभारी दिव्यांक मिश्रा ने पोर्टल पर स्वगणना करने का प्रशिक्षण प्रदान किया।
आयोजित कार्यशाला में एएसपी, सीएमओ, डीआईओएस, बीएसए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीएसटीओ, महाविद्यालयों के प्राचार्य, डीसी एनआरएलएम, परियोजना अधिकारी, जनगणना सेल के कार्मिकों सहित अन्य जनपदीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
