पलिया कलां (खीरी)नगर पालिका परिषद पलिया कलां की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता ने महिलाओं के लिए ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण कानून) के लागू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने वाला कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाना महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को एक नई दिशा देगा। यह निर्णय देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
श्रीमती गुप्ता ने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सामाजिक या आर्थिक क्षेत्र तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि राजनीतिक क्षेत्र में भी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यह कानून महिलाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करेगा और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगा।उन्होंने देश के माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक पहल महिलाओं के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।अंत में उन्होंने पलिया कलां क्षेत्र की समस्त महिलाओं से आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में भाग लें तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहें।