(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां-( खीरी) लखीमपुर 30 जुलाई। मंगलवार को अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एसपी गणेश प्रसाद साहा और सीडीओ अभिषेक कुमार संग तहसील पलिया की सूदूरवर्ती बाढ़ से प्रभावित थारू क्षेत्र कीरतपुर पहुंची, जहा उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में ग्राम चौपाल लगाई। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में थारू जनजाति की युवतियों ने उनका पुष्पवर्षा कर स्वागत, अभिनंदन किया।

ग्राम चौपाल का शुभारंभ डीएम-एसपी, सीडीओ ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलित कर की। विद्यालय की छात्रा सोनावती, खुशबू, अनुष्का, जयाकुमारी ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। संगम ग्रुप की थारू जनजाति की महिलाए ने भी अपनी मनमोहक और शानदार प्रस्तुति दी। चौपाल का संयोजन एवं संचालन एसडीएम पलिया कार्तिकेय सिंह ने किया।

ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि उन्हें थारू समाज से मिलकर बेहद खुशी की अनुभूति हो रही है। आपके बीच आकर संवाद करना हमारा सौभाग्य है। थारु क्षेत्र की बालिकाओं व महिलाओं में भी अपार कौशल व कुशलता है।सरकार की ओर से जनजातियों को आर्थिक रूप से संपन्न बनाने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रस्तुत किए जाने वाली कार्यक्रम की मुक्त कंठ से सराहना की। कहा कि आज प्रदान की जाने वाली किट का सदुपयोग करें। इसमें शामिल पांचो वस्तुएं आपके लिए काफी उपयोगी है।

एसपी गणेश प्रसाद साहा, सीडीओ अनिल कुमार ने भी इस सूदूरवर्ती गांव में आने और सभी से मिलकर खुशी जाहिर की। सीडीओ ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाने के लिए सरकारी किट के अलावा डीएम ने अभिनव पहल के तहत स्पेशल किट तैयार कराई है। जिसमे 05 आवश्यक सामग्री शामिल है। उन्होंने प्रदान की जाने वाली सामग्री और उसकी उपयोगिता को रेखांकित किया।

डीएम-एसपी ने सीडीओ संग कीरतपुर गांव के 125 प्रभावित परिवारों को बाढ़ राहत की विशेष किट प्रदान की। इस किट के अंदर मच्छरदानी, छाता, टॉर्च मय बैटरी, दो सेनेटरी पैड पैकेट, गर्म पानी रखती हेतु 02 लीटर का थर्मस शामिल है। इसके अलावा ग्राम वासियों को कृषि की मिनिकिट प्रदान की। इस दौरान डीएम-एसपी ने अफसरों संग ग्रामीणों से संवाद कर उनकी न केवल समस्या जानी बल्कि उनके निस्तारण हेतु संबंधित को दिशा निर्देश दिए।

डीएम-एसपी ने सीडीओ संग देखा थारू उत्पाद स्टाल, बढ़ाया उत्साह
हस्तनिर्मित उत्पादों की सराहना की
डीएम, एसपी ने सीडीओ संग थारू उत्पाद का स्टाल का अवलोकन किया। जनजातीय क्षेत्र के
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर थारू हस्तशिल्प उत्पादों के निर्माण, विपणन की जानकारी ली और थारू हस्तशिल्प उत्पाद का निर्माण देखा। उन्होंने जाना कि इन उत्पादों के जरिये उनके समूह को कितनी आमदनी हो जाती है। डीएम ने महिलाओं से उनके उत्पादों के विपणन हेतु जानकारी के साथ ही हस्तशिल्प निर्मित उत्पादों की सराहना की। परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने डीएम को थारू जनजाति क्षेत्र की संस्कृति, रहन-सहन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

इसके बाद डीएम, एसपी ने गांव में पैदल भ्रमण कर उनका रहन-सहन देख उनकी संस्कृति को भली भांति जाना। इस दौरान एसडीएम कार्तिकेय सिंह, सीओ यादवेंद्र, बीडीओ संगीता यादव, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी अनिल यादव, पीओ यूके सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *