(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां- खीरी लखीमपुर खीरी 19 जुलाई। शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि शारदा का जलस्तर इतना बढ़ गया कि भीरा-पलिया मार्ग पर भी पानी चल रहा है। इसी मार्ग से रास्ता तय करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी गणेश प्रसाद साहा पलिया तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।

सर्वप्रथम डीएम-एसपी पलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र श्रीनगर पहुंचे, आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानी। नदी की वजह से क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक का मौका मुआयना किया। एसडीएम कार्तिकेय सिंह को बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम-एसपी ने एनएचएआई के सड़क मार्ग पर अतरिया में जल निकासी दूसरी तरफ किए जाने के उद्देश्य से ह्यूम पाइप डालने वाले कार्य का निरीक्षण किया, संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

डीएम-एसपी ने तहसील, ब्लाक पलिया के बाढ़ प्रभावित गांव बसंतापुरकला, मकनपुर का भ्रमण कर पीड़ितों का दर्द जाना। उन्होंने बाढ़ की स्थिति की बारीकी से जानकारी हासिल की। मौजूद किसानों, ग्रामीणों से वार्ता कर भोजन पैकेट, खाद्यान्न किट वितरण कर अद्यतन स्थिति जानी। डीएम ने आपदा से प्रभावित लोगों से कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा शासन-प्रशासन उनके साथ है। सरकार की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

डीएम ने निरीक्षण में पाया कि गन्ने की फसल काफी खराब हो गई। एसडीएम को निर्देश दिए कि जल्द ही सर्वे कार्य पूर्ण किया जाए। हालांकि एसडीएम ने ज्यादातर प्रभावितो का सर्वे करा दिया गया है। अवशेष प्रभावितो का सर्वे 02 दिन में पूर्ण करने के निर्देश दिए। एसपी ने ग्रामीणों से संवाद किया। जाना कि उन्हें किसी बात का भय तो नहीं है।

बढ़ाए मैन पावर, माह के अंततक पूरा करें काम।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एसपी गणेश प्रसाद साहा संग पलिया-निघासन मार्ग पर लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-3 द्वारा 06-06 मीटर के चार स्पान बॉक्स कल्वर्ट के युद्धस्तर पर चल रहे निर्माण कार्य को देखा।

डीएम ने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता अनिल कुमार यादव को निर्देश दिया कि मैनपॉवर दोगुनी करते हुए इस माह के अंततक कार्य पूर्ण किया जाए। ताकि भविष्य में जलस्तर बढ़ने पर पलिया की लाइफ लाइन कहे जाने वाला यह मार्ग अवरुद्ध न हो। इस दौरान एसडीएम कार्तिकेय सिंह, सीओ यादवेंद्र, सहायक अभियंता करिश्मा रावत, अवर अभियंता मान सिंह, प्रदीप कुमार भारती मौजूद रहे।

Share

You missed