

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) फतेहपुर (बाराबंकी), 28 नवम्बर।विद्या भारती विद्यालय सरस्वती शिशु मन्दिर इण्टर कॉलेज फतेहपुर में शुक्रवार को समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्यों एवं भैया-बहनों ने महात्मा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का सञ्चालन वरिष्ठ आचार्य वीरेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने ज्योतिबा फुले जी के जीवन परिचय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि फुले जी का मानना था कि यदि एक बेटी पढ़ेगी तो उसके परिवार सहित दो परिवार शिक्षित होते हैं। उन्होंने बालिका शिक्षा को ही समाज की प्रगति का सबसे बड़ा आधार बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि ज्योतिबा फुले जी ने जीवन के हर पहलू का गहन अध्ययन किया। उन्होंने बताया कि फुले जी का स्पष्ट मत था कि जो धर्म गरीब और मजलूमों को दबाता है, वह धर्म नहीं हो सकता।
बराबरी के भाव पर जोर देते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि कोई भी इंसान ऊँचा-नीचा नहीं हो सकता, सभी इंसान एक समान हैं। यही भाव ही सच्ची मानवता है।
उन्होंने फुले जी के प्रसिद्ध विचार को याद करते हुए कहा कि *बिना शिक्षा के बुद्धि नष्ट हो जाती है, बिना बुद्धि के नैतिक पतन होता है और बिना नैतिकता के प्रगति रुक जाती है।* इसलिए शिक्षा सभी के लिए आवश्यक है।
किसानों के बारे में चिन्तन करते हुए उन्होंने कहा कि किसान ही किसी देश की प्रगति का आधार हैं, राष्ट्र की असली ताकत हैं, इसलिए किसान को सबसे पहले सम्मान मिलना चाहिए। फुले जी ने मजदूरों और किसानों की पीड़ा को बहुत नजदीक से समझा और उसी पीड़ा को अपनी लेखनी में उतारा। उन्होंने _गुलामगिरी (1873)_ और _किसान का कोड़ा (1883)_ जैसी कालजयी पुस्तकें लिखीं, जो आज भी समाज चिन्तन का अद्भुत उदाहरण हैं।
बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए प्रधानाचार्य जी ने बताया कि फुले जी ने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर विद्यालय खोला। उस समय ऊँची जाति के लोग सावित्रीबाई पर अध्यापन के लिए जाते समय कीचड़ फेंकते थे। प्रतिकार करने की क्षमता न होने के कारण उन्हें एक अतिरिक्त साड़ी लेकर जाना पड़ता था। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी दोनों ने शिक्षा की अलख जगाई। दोनों पुण्यात्माएं अभिनन्दनीय हैं।
अन्त में उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 28 नवम्बर 1890 को इस महात्मा का परलोक गमन हुआ था। आज हम सभी उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके जीवन आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लेते हैं। कार्यक्रम का समापन _जयतु भारतम्, जयतु संस्कृतम्, जय माता भारती_ के उद्घोष के साथ हुआ।
