(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां(खीरी) लखीमपुर खीरी, 21 नवंबर। आपात स्थिति से निपटने में प्रशासन कितना तैयार है और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच कितना बेहतर समन्वय है, इसका इम्तिहान आज होगा। जिले में रविवार शाम छह बजे ब्लैकआउट एवं एयर रेड को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मेमोरियल मैदान में होने वाले इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी से लेकर ब्लैकआउट, राहत एवं बचाव कार्य और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की व्यवस्थाओं को परखा जाएगा।

एसडीएम एवं प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा कोर तनवीर अहमद ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी वास्तविक खतरे का माहौल बनाना नहीं, बल्कि आपात परिस्थितियों में प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है। अभ्यास के दौरान विभिन्न एजेंसियां निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप काम करेंगी। इससे आपात स्थिति में सामने आने वाली चुनौतियों और व्यवस्थागत कमियों की पहचान भी हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, एसएसबी, पुलिस, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एंड गाइड, आपदा मित्र, नेहरू युवा केंद्र, भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम और स्वयंसेवी संगठनों की भी सहभागिता रहेगी।

एसडीएम ने बताया कि इस अभ्यास के जरिए नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही आमजन को भी आपात परिस्थितियों में सतर्कता और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed