पलियाकलां (खीरी)बलदेव वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज – पलिया कलां (खीरी) के प्रांगण में रविवार दिनांक 15/11/2026 को एक भव्य एवं गरिमामयी शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य ध्येय छात्र-छात्राओं के शैक्षिक उन्नयन और उनके सर्वांगीण विकास की रूपरेखा तैयार करना था। इस सार्थक बैठक में विद्यालय के चहुंमुखी विकास तथा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को संवारने के लिए कई गंभीर एवं संवेदनशील बिंदुओं पर मंथन किया गया।
संगोष्ठी के दौरान मुख्य रूप से विद्यालय में छात्र – छात्राओं की कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त की गई और शासन के मंशानुरूप प्रत्येक छात्र-छात्रा की उपस्थिति 75 प्रतिशत से अधिक सुनिश्चित करने पर पुरजोर बल दिया गया। विद्यालय परिसर में छात्र- छात्राओं के द्वारा मोबाइल फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध होने की बात दोहराई गई। इसके अतिरिक्त, बाल-सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह सख्त निर्देश दिया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे छात्र- छात्राएं जिनके पास ड्राइविंग लाइसेंस न हो, वे बाइक लेकर विद्यालय न आएं।
वक्ताओं ने इस बात पर विशेष प्रकाश डाला कि उत्तम शिक्षा और संस्कार केवल विद्यालय के प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए अभिभावकों का कक्षा-अध्यापकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना और अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार (मुजहा), संघ के समस्त सम्मानित पदाधिकारीगण तथा विद्यालय के समर्पित समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और विद्यालय की बेहतरी के लिए अपने विचार रखे और मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस बैठक की शोभा बढ़ाते हुए विद्यालय के प्रबंधक गोविंद गर्ग , उप प्रबंधक राजेश भारतीय और प्रधानाचार्य कैप्टन श डोरी लाल भार्गव ने अपने विचारों से सभी का मार्गदर्शन किया।