(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) कैम्ब्रिज मॉडर्न स्कूल, भीरा-खीरी में 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस एवं बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और बच्चों की खिलखिलाहट से गूंज उठा।
मेले का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए, जिनमें खान-पान, खेलकूद, मनोरंजन एवं विभिन्न गतिविधियों की विशेष व्यवस्था रही। बच्चों ने स्वयं स्टॉलों का संचालन किया और खरीदारी, खेल तथा मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मेले में बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, आत्मनिर्भरता, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता एवं व्यापारिक कौशल का अनुभव प्रदान करना था।
विद्यालय प्रबंधक राहुल खन्ना ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के सपनों, खुशियों और उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का विशेष अवसर है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा सीखने का आनंदमय अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कैम्ब्रिज मॉडर्न स्कूल, भीरा-खीरी में आयोजित यह बाल मेला बच्चों के लिए खुशियों, उत्साह और यादगार पलों से भरा रहा।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *