

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 13 नवंबर। लोक आस्था, आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पर्व के सकुशल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने शहर के सेठघाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियों का पुनः परीक्षण कर लें, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीएम ने घाट की साफ-सफाई, पूजन स्थल की व्यवस्था, नदी में सुरक्षित दूरी तक बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं संरक्षक से संवाद कर तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की। डीएम ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा और आस्था का विशेष पर्व है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होते हैं, लिहाजा सभी संबंधित विभाग पूरी जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*उल्ल नदी में नाव से निगरानी करेगी वन विभाग की टीम*
छठ पूजा के दौरान नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए उल्ल नदी में वन विभाग की टीम नाव के माध्यम से निगरानी करेगी। टीम नदी क्षेत्र में मगरमच्छ एवं अन्य जलीय जीवों की गतिविधियों पर नजर रखेगी, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पर्व से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को पूरी सतर्कता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, बीडीओ संदीप कुमार, अवर अभियंता नगर पालिका परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
