(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी,13 नवंबर। धार्मिक आस्था, औद्योगिक संभावनाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के संग लखीमपुर खीरी विकास की नई इबारत लिखने की ओर अग्रसर है। काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर गोला गोकर्णनाथ में प्रस्तावित भव्य शिव मंदिर कॉरिडोर जनपद को धार्मिक पर्यटन के नए मानचित्र पर स्थापित करने की क्षमता रखता है। यह बात राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने शुक्रवार को एलआरपी स्थित निरीक्षण गृह में जन सूचना अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास में प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही की भी उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका है। जन सूचना अधिकारी इस व्यवस्था की अहम कड़ी हैं और उन्हें अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। गोला क्षेत्र में देश का पहला पीएलए प्लांट और नया प्लास्टिक पार्क स्थापित करने की पहल औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी। वहीं पलिया को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए एयरपोर्ट एवं विमान सेवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनजातीय समुदाय सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना भी समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
*सूचना देना केवल औपचारिकता नहीं, जिम्मेदारी भी*
बैठक में राज्य सूचना आयुक्त ने जन सूचना अधिकारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदकों को निर्धारित 30 दिनों की समयसीमा में सूचना उपलब्ध कराई जाए। केवल सूचना देने तक ही सीमित न रहें, बल्कि आवेदकों की समस्याओं के समाधान में भी यथासंभव सहयोग करें। पारदर्शी प्रशासन ही सुशासन की मजबूत नींव है और प्रत्येक अधिकारी को जनहित के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए। इस दौरान तहसीलदार (न्यायिक) सुरेंद्र कुमार यादव एवं नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार उपस्थित रहे।
