(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) दुधवा टाइगर रिजर्व के 25 राजकीय हाथियों का विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, संक्रमण की जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी के दक्षिण सोनारीपुर परिक्षेत्र स्थित सलूकापुर राजकीय हाथी कैंप में दिनांक 04 नवंबर 2025 से 05 नवंबर 2025 तक जगदीश आर०, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी के निर्देशन में राजकीय हाथियों के स्वास्थ्य, समुचित देखभाल एवं रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), बरेली तथा असम से आए वन्यजीव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा राजकीय हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।इस स्वास्थ्य शिविर में आईवीआरआई, बरेली से डॉ० ए०एम० पावड़े, प्रधान वैज्ञानिक एवं इंचार्ज सीडब्ल्यूएल, डॉ० अखिलेश कुमार, वरिष्ठ वैज्ञानिक, सीडब्ल्यूएल तथा असम से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ० खनिन चांगमई उपस्थित रहे। विशेषज्ञों की टीम द्वारा श्री दीपक पाण्डेय, उप प्रभागीय वनाधिकारी, बेलरायां की उपस्थिति में स्वास्थ्य परीक्षण की कार्यवाही संपन्न की गई।शिविर के दौरान दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी के सभी 25 राजकीय हाथियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 23 हाथियों का परीक्षण सलूकापुर राजकीय हाथी कैंप में तथा दो हाथियों का परीक्षण दुधवा पर्यटन परिसर में किया गया। प्रथम दिवस सभी राजकीय हाथियों का विधिवत शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान हाथियों की शारीरिक स्थिति, स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों तथा दैनिक गतिविधियों के आधार पर विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक परीक्षण एवं निरीक्षण किया गया।

शिविर के दूसरे दिन हाथियों के डंग (गोबर) के नमूनों के माध्यम से संभावित संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। इस प्रक्रिया के माध्यम से हाथियों के स्वास्थ्य की विस्तृत स्थिति का आकलन करते हुए रोगों की समय रहते पहचान एवं रोकथाम के संबंध में आवश्यक चिकित्सकीय सुझाव प्राप्त किए गए।स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान हाथियों की देखभाल में संलग्न महावतों एवं चाराकटरों से हाथियों के खानपान, व्यवहार, दैनिक गतिविधियों तथा किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षणों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। दुधवा टाइगर रिजर्व की वेटनरी टीम के वन्यजीव चिकित्सक डॉ० मुहम्मद तलहा एवं फार्मासिस्ट श्री संदीप कुमार द्वारा हाथियों के स्वास्थ्य से संबंधित लक्षणों एवं आवश्यक जानकारी को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। विशेषज्ञों द्वारा प्राप्त जानकारी एवं परीक्षण के आधार पर आवश्यक चिकित्सकीय सुझाव, उपचार संबंधी परामर्श तथा दवाओं के उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्रीय वन अधिकारी, दक्षिण सोनारीपुर तथा संबंधित वनकर्मियों एवं अन्य स्टाफ द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई। शिविर के माध्यम से राजकीय हाथियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, संभावित बीमारियों की समय रहते पहचान, संक्रमण की रोकथाम तथा उनकी दीर्घकालिक देखभाल के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श सुनिश्चित किया गया।

राजकीय हाथियों का स्वास्थ्य दुधवा की वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार

दुधवा टाइगर रिजर्व में राजकीय हाथी वन्यजीव संरक्षण एवं प्रबंधन की विभिन्न गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यटन क्षेत्र में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ गैण्डा मॉनीटरिंग, वन क्षेत्रों में गश्त (पेट्रोलिंग), वन्यजीवों की निगरानी तथा आपातकालीन वन्यजीव रेस्क्यू ऑपरेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में इनका योगदान अत्यंत उपयोगी है।

राजकीय हाथियों का स्वस्थ, सक्रिय एवं सुरक्षित रहना वन्यजीव संरक्षण कार्यों की प्रभावशीलता के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर हाथियों के कल्याण, बेहतर चिकित्सकीय देखभाल तथा वैज्ञानिक पद्धति से स्वास्थ्य प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

जगदीश आर०, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी के निर्देशन में दिनांक 04 एवं 05 नवंबर 2025 को आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य राजकीय हाथियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सक्षम बनाए रखना है, जिससे वे दुधवा टाइगर रिजर्व के संरक्षण, प्रबंधन एवं अन्य राजकीय कार्यों में निरंतर प्रभावी योगदान दे सकें।

दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग द्वारा राजकीय हाथियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञों के परामर्श तथा समुचित देखभाल की व्यवस्था के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *