(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी)लखीमपुर खीरी,05 नवंबर। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की शैक्षिक समझ परखने निकले डीएम अंजनी कुमार सिंह गुरुवार को पीके इंटर कॉलेज की हाईस्कूल कक्षा में पहुंचे तो वहां गणित की पढ़ाई चल रही थी। डीएम ने कक्षा में पहुंचते ही विद्यार्थियों से गणित के कई सवाल पूछे और उनकी विषय पर पकड़ को परखा। इसके बाद उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। डीएम खुद शिक्षक की भूमिका में आ गए और ब्लैकबोर्ड संभालकर गणित का पाठ पढ़ाना शुरू कर दिया।

डीएम ने विद्यार्थियों को त्रिकोणमिति, त्रिभुज और पाइथागोरस प्रमेय जैसे महत्वपूर्ण विषयों को बोर्ड पर लिखकर सरल और रोचक ढंग से समझाया। उन्होंने गणितीय अवधारणाओं को उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट करते हुए बताया कि विषय को केवल याद करने के बजाय उसकी मूल अवधारणा को समझना जरूरी है। इस दौरान उन्होंने बीच-बीच में विद्यार्थियों से सवाल भी किए और उनके जवाब सुनकर शैक्षिक समझ का आकलन किया।

कक्षा में उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब विद्यार्थियों ने डीएम के सवालों के सही जवाब दिए। डीएम ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें इसी तरह आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। एक ओर जहां विद्यार्थी डीएम को अपने बीच शिक्षक की भूमिका में देखकर उत्साहित नजर आए, वहीं दूसरी ओर गणित जैसे विषय को सीधे जिलाधिकारी से समझने का अनुभव उनके लिए खास रहा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *