पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती शनिवार को जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। उनके अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने एडीएम वित्त एवं राजस्व बृजेश कुमार त्रिपाठी, एडीएम न्यायिक बृजपाल सिंह सहित अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान डीएम ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। हैदराबाद, जूनागढ़ सहित विभिन्न रियासतों के भारत में विलय में उनके कुशल नेतृत्व और दृढ़ संकल्प की निर्णायक भूमिका रही। उन्होंने बिखरी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर एकीकृत भारत के निर्माण का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका योगदान देश के इतिहास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल महापुरुष के स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प दिवस है। युवाओं को सरदार पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का अध्ययन करना चाहिए। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही हम सशक्त, समरस और एकजुट भारत के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बृजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति ने देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया। वहीं, एडीएम (न्यायिक) बृजपाल सिंह ने उनके जीवन संघर्षों और राष्ट्र के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रशिक्षु एसडीएम श्वेता द्विवेदी, एआईजी स्टाम्प अमिताभ कुमार, डीएसओ सीमा त्रिपाठी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (कलेक्ट्रेट) मो. सलीम, प्रशासनिक अधिकारी सुरेश वर्मा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
*पटेल जयंती पर कौशल विकास और रोजगार की ऐतिहासिक पहल, ₹1,725 करोड़ की योजना का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ*
*राजकीय आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में युवाओं ने देखा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण*
सरदार पटेल की जयंती पर प्रदेश सरकार ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में भी बड़ी पहल की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन सभागार में ₹1,725 करोड़ की लागत वाली सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का जनपद के सभी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) एवं राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में सजीव प्रसारण किया गया। छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षकों और अन्य संबंधित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर उनकी दक्षता और रोजगार क्षमता बढ़ाना तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।