


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 30 अक्टूबर। मच्छरों के बढ़ते प्रजनन और संचारी रोगों के खतरे को देखते हुए शासन ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान की अवधि 15 दिन बढ़ा दी गई है। पहले यह अभियान 31 अक्टूबर तक प्रस्तावित था। अभियान के विस्तार के साथ ही प्रशासन ने साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को समाप्त करने और घर-घर रोगियों की पहचान पर विशेष जोर दिया है।
अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता पर्याप्त नहीं है, बल्कि नगर निकाय, पंचायती राज, ग्राम विकास, शिक्षा, बाल विकास एवं अन्य विभागों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों की सफाई, नालियों की नियमित सफाई, एंटी लार्वा गतिविधियां और फॉगिंग अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
*घर-घर दस्तक देकर खोजे जाएंगे बुखार के मरीज*
दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगी। वे बुखार सहित संचारी रोगों के लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें समय से उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने में मदद करेंगी। साथ ही परिवारों को मच्छरों से बचाव, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी। डीएम ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान कोई भी प्रभावित क्षेत्र और जरूरतमंद परिवार छूटने न पाए।
*समन्वय से अभियान को बनाएं प्रभावी : सीडीओ*
सीडीओ योगानंद पांडेय ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलभराव की स्थिति समाप्त करने और जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान की नियमित निगरानी करते हुए कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए।
*रोगों की रोकथाम के लिए समय पर पहचान जरूरी : सीएमओ*
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका समय रहते उनकी पहचान और उपचार है। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर सर्वेक्षण कर लक्षण वाले मरीजों को चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार या अन्य लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लें।
*टीकाकरण में प्रदेश में 12वें और मंडल में दूसरे स्थान पर खीरी*
*शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए छूटे लाभार्थियों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश*
टीकाकरण की समीक्षा के दौरान डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मॉनिटरिंग डाटा के आधार पर जिले की प्रगति का जायजा लिया। समीक्षा में लखीमपुर खीरी प्रदेश में 12वें स्थान पर और मंडल में दूसरे स्थान पर रहा। डीएम ने टीकाकरण की प्रगति को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि शत-प्रतिशत पात्र बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित की जाए। इसके लिए छूटे हुए लाभार्थियों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने और आशा एवं एएनएम के माध्यम से टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
*पोषण ट्रैकर के सभी इंडिकेटर में टॉप-10 में खीरी, डीएम ने की योजनाओं की समीक्षा*
जिले में पोषण संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। बैठक में पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें जिले ने सभी इंडिकेटर में प्रदेश के टॉप-10 जिलों में स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर संतोष जताते हुए डीएम ने पोषण सेवाओं को और प्रभावी बनाने, आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित गतिविधियां संचालित करने तथा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित पोषण सेवाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और पोषण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
