

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 30 अक्टूबर। कार्यालयों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और जनहितकारी बनाने की पहल के तहत शुक्रवार को महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वुमेन इकाई के तत्वावधान और जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश भार्गव की मार्गदर्शन में एक दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई के साथ अनुपयोगी सामग्री और कबाड़ का निस्तारण किया गया। साथ ही अभिलेखों को व्यवस्थित कर ई-कचरे के उचित संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
अभियान केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिला हितों और जनसमस्याओं के समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया। महिला एवं आमजन की शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं महिला कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड लखीमपुर की प्रशासक दिव्या सिंह ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता की बल्कि फलदार, छायादार औषधीय पौधों का रोपण भी किया। इस दौरान हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वुमेन से आर्यमित्रा विष्ट, निक्की गुप्ता, सरोजनी देवी, सेंटर मैनेजर रश्मि चतुर्वेदी एवं काउंसलर विजेता गुप्ता सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहीं।
