पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर-खीरी, 15 सितंबर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य 17 सितंबर से प्रारंभ होगा। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में एफएलसी का कार्य कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस के एफएलसी कक्ष में कराया जाएगा। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एफएलसी का कार्य प्रतिदिन प्रातः नौ बजे से सायं सात बजे तक अथवा कार्य की समाप्ति तक जारी रहेगा। इसमें अवकाश दिवस भी शामिल होंगे। ईवीएम एवं वीवीपैट की जांच भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी Manual on Electronic Voting Machine (संस्करण 08 अगस्त 2023) में निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अनुसार की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत एफएलसी प्रक्रिया के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। इस संबंध में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/मंत्री को जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से पत्र के माध्यम से आवश्यक अनुरोध किया जा चुका है।एफएलसी के माध्यम से ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यशीलता की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी। निर्वाचन कार्यालय द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।