

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 24 अगस्त। भगवा रंग, हाथों में सजी कांवड़ और जुबां पर ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष… सावन के चौथे सोमवार को छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भोर होते ही कांवड़ियों के जत्थों से नगर की सड़कें शिवभक्ति में रंग गईं। दूर-दूर से पहुंचे शिवभक्तों का काफिला जैसे-जैसे मंदिर की ओर बढ़ा, पूरा वातावरण भोले की भक्ति में डूबता चला गया। प्रशासन ने भी शिवभक्तों का आत्मीय स्वागत कर उनकी यात्रा को यादगार बना दिया। डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने मंच से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
*पुष्पवर्षा से गदगद हुए शिवभक्त*
कॉरिडोर परिसर में बने मंच से डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। फूलों की बारिश होते ही शिवभक्तों के चेहरे खिल उठे। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। कांवड़ियों ने तालियों और जयकारों के साथ प्रशासन के स्वागत का उत्साहपूर्वक जवाब दिया। नगर पालिका परिषद गोला अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ और एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने भी पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का अभिनंदन किया।
*व्यवस्था देखने निकले अफसर, पैदल नापा कांवड़ मार्ग*
श्रद्धालुओं की सुविधा को अपनी प्राथमिकता बनाते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह खुद कांवड़ मार्ग पर पैदल निकले। उन्होंने मार्ग में रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्रों की व्यवस्थाएं देखीं। भीड़ के बीच पैदल चलते हुए डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को कहीं भी परेशानी न हो।
*24 घंटे अलर्ट मोड में प्रशासन*
चौथे सोमवार को उमड़े भारी जनसैलाब के बीच प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय रहीं। प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा की लगातार मॉनिटरिंग की गई। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा प्रशासन का कर्तव्य है। गोला में सुरक्षा और सुविधा की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं तथा लगातार निगरानी की जा रही है। प्रयास है कि प्रत्येक शिवभक्त अपनी यात्रा शांतिपूर्वक, सुरक्षित और सुखद ढंग से पूरी करे। इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
