

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 20 अगस्त। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के लिए निघासन विधायक शशांक वर्मा ने गुरुवार को एसडीएम यदुवीर सिंह के साथ तहसील निघासन के बाढ़ प्रभावित ग्राम नया पुरैना का स्थलीय भ्रमण किया। गांव तक पहुंचने के लिए विधायक और एसडीएम ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
विधायक ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन, सरकार एवं जनप्रतिनिधि उनके साथ हैं। उन्होंने ग्रामीणों से राहत कार्यों से संबंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक द्वारा प्रभावित ग्रामीणों को लंच पैकेट वितरित किए गए। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाने पर जोर दिया। एसडीएम ने भी ग्रामीणों से संवाद कर बाढ़ की स्थिति और स्थानीय स्तर पर उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों से संवाद के दौरान आवागमन, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित विषयों पर जानकारी ली गई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुसार राहत कार्यों को प्राथमिकता से संचालित करने के लिए कहा।
*बाढ़ प्रभावित गांव में पहुंची स्वास्थ्य टीम, बाटी औषधियां*
बाढ़ प्रभावित ग्राम नया पुरैना में सीएचसी निघासन की स्वास्थ्य टीम भी पहुंची। टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार जीवनरक्षक एवं आवश्यक औषधियों का वितरण किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की।
*धौरहरा के बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंची राहत, राजस्व टीम ने बांटे लंच पैकेट*
एसडीएम राशि कृष्णा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने तहसील धौरहरा के बाढ़ प्रभावित ग्राम गोडियाना, चंदौली, चकदहा, ओझापुरवा, गनापुर, डुंडकी, गौढ़ी, मांझासुमाली, मिर्जापुर मल्लापुर, परसा एवं कैरातीपुरवा में पहुंचकर ग्रामीणों को लंच पैकेट वितरित किए। टीम ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा बाढ़ की स्थिति में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
