(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) दुधवा टाइगर रिजर्व के वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु चलाए जा रहे सघन गश्ती एवं निगरानी अभियान के अंतर्गत बेलरायां रेंज की वन टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
दिनांक 16/17 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि लगभग 12.30 बजे, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी जगदीश आर. एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी, बेलरायां दीपक कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी, बेलरायां राकेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम द्वारा सघन पेट्रोलिंग की जा रही थी।
इसी दौरान ग्राम खैरीगढ़ के निकट स्थित पेट्रोल पम्प के पास बधैड़िया गांव की ओर जाने वाले खड़ंजे पर एक पुराना लाल रंग का स्वराज-855 ट्रैक्टर, एक पुरानी चार पहिया ट्रॉली तथा उसमें लदा हुआ 20 नग खैर गोल प्रकाष्ठ बरामद किया गया।
वन विभाग की टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक एवं उसका साथी वाहन छोड़कर समीपवर्ती गन्ने के खेतों की ओर भाग निकले। वन विभाग द्वारा बरामद वाहन एवं खैर प्रकाष्ठ को कब्जे में लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
प्रकरण में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी/पता लगाने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए रात्रिकालीन गश्त एवं निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया गया है तथा अवैध कटान एवं वन उपज के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मानसूत्र सत्र में संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी की समस्त रेंजों में नियमित रुप से कड़ी पेट्रोलिंग/निगरानी जारी है। हर संवेदनशील क्षेत्रों में सघन मानीटरिंग की जा रही है। इसके चलते विगत डेढ़ सप्ताह में केवल बेलरायां रेंज में 02 अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी हुई है, जिन्हें जिला कारागार लखीमपुर-खीरी में निरुद्ध कराया गया है।
वन विभाग की टीम वन दरोगा गरीबालाल, वन दरोगा अभिषेक सिंह, वन दरोगा अरुण कुमार, वन्यजीव रक्षक शैलेन्द्र कुमार निषाद, वन रक्षक नन्दराम, न्यूनतम वेतन कर्मी अनिल प्रकाश, दिनेश कुमार वर्मा, सतवीर सिंह, अंजनी कुमार एवं अन्य वन कर्मचारी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *