पलिया कलां (खीरी)राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दिनांक 11.08.2026 को 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया की सीमा चौकी सुमेरनगर द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सुमेर नगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान सीमा चौकी सुमेरनगर के बल कार्मिकों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया गया । इस अवसर पर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्त्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई तथा राष्ट्र निर्माण में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक किया गया ।
इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं के लिए अंकन प्रतियोगिता एवं दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया । प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, शारीरिक फिटनेस एवं टीम भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया ।
इस अवसर पर सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों ने विद्यार्थियों को देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित के प्रति सदैव समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया ।
सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में सीमा सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय समुदाय के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने, जन-जागरूकता बढ़ाने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं ।