(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां(खीरी) लखीमपुर खीरी 26 जुलाई। अब जिले के उच्च शिक्षा संस्थानों के शिक्षकों को गंभीर बीमारी या इलाज के खर्च की चिंता नहीं सताएगी। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के साथ उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच मिल गया। युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित समारोह में पात्र लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। पूरे कार्यक्रम में शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
समारोह का शुभारंभ डीएम अंजनी कुमार सिंह, सदर विधायक योगेश वर्मा, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी, सीडीओ अभिषेक कुमार ने महाविद्यालय के संस्थापक राजा युवराजदत्त सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्यस्तरीय कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने योजना का विधिवत शुभारंभ किया। प्रसारण के जरिए शिक्षकों को योजना की पात्रता, सुविधाओं और कैशलेस उपचार की पूरी जानकारी दी गई। इस दौरान डीएम, विधायकगण, सीडीओ ने लाभार्थी शिक्षकों को को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड प्रदान किए।
सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को केवल शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ नहीं मानती, बल्कि उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना इसी सोच का परिणाम है। जब शिक्षक स्वस्थ और निश्चिंत होंगे तो शिक्षा की गुणवत्ता अपने आप बेहतर होगी और एक सशक्त समाज व विकसित राष्ट्र के निर्माण की नींव और मजबूत होगी।
विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के लिए सरकार की ऐतिहासिक पहल है।अब आर्थिक चिंता के बिना शिक्षक बेहतर उपचार करा सकेंगे। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो हेमंत पाल ने कहा कि सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। स्वस्थ शिक्षक ही बेहतर शिक्षा और मजबूत राष्ट्र का आधार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना शिक्षकों को निश्चिंत होकर अपने शैक्षणिक दायित्व निभाने में मदद करेगी।
कार्यक्रम में डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, सहायक नोडल अधिकारी (कैसेलेश योजना)प्रो सुभाष चंद्रा सहित जनपद के अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले के सभी राजकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में समारोह में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रो. नीलम त्रिवेदी ने किया।

डीएम बोले- कल्याणकारी योजनाएं सरकार की संवेदनशील सोच का आईना, शिक्षक स्वस्थ होंगे तो संवरेंगी पीढ़ियां

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के पीछे समाज के हर वर्ग के हित और सुरक्षा की दूरदर्शी सोच होती है। सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों, कर्मचारियों के लिए विश्वास और सुरक्षा का नया आधार बनेगी। शिक्षक राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ हैं, स्वस्थ शिक्षक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जिले में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही युवराज दत्त महाविद्यालय की गौरवपूर्ण परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed