
(न्यूज़ -राजीव गोयल)
पलिया कलां (खीरी) बांकेगंज खीरी जनपद में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को सफल बनाने हेतु क्षेत्र के विभिन्न इण्टर कालेजों में 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को वैक्सीन लगाई गई। जागरूकता के अभाव में अधिकांश अभिभावक अपनी बेटियों को वैक्सीन लगवाने से मना करते दिखे।
डॉ सुनील वर्मा ने बताया कि भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसरों में से एक है। यहाँ हर साल लगभग 1.23 लाख नए मामले सामने आते हैं। और यह महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण है। भारत सरकार ने इसे कम करने के लिए राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की है इसके तहत 14-15 साल की किशोरियों के लिए मुफ्त एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत की है। यह वैक्सीन सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों के माध्यम से स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा लगाई जा रही है। इसी के तहत ब्लॉक के कई विद्यालयों में चिकित्सा विभाग ने आज टीकाकरण कराया है।
यह टीका 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए निर्धारित है। यह टीका चिकित्सकों की देखरेख में अभिभावकों की लिखित सहमति के बाद ही लगाया जाएगा। एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है तथा भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक है।
एक पत्र के माध्यम से सीएमओ ने डीआईओएस से अनुरोध किया था कि जनपद के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया जाए कि वे विद्यालय स्तर पर अभिभावक बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। इन कार्यक्रमों के माध्यम से एचपीवी टीके के महत्व, सुरक्षा और लाभों की जानकारी दी जाए तथा पात्र बालिकाओं का अधिक से अधिक टीकाकरण कराने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जाए।
सीएचसी अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया पूरे ब्लॉक में कुल 102 किशोरियों को टीके लगाए गए हैं।
