पलिया कलां। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) द्वारा आयोजित जोनल थ्रोबॉल प्रतियोगिता का आयोजन गुरुकुल एकेडमी, पलिया कलां में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न सीआईएससीई संबद्ध विद्यालयों की अंडर- 14 अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण पूर्ण कर लिया गया है तथा सभी प्रतिभागियों का विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत किया गया।
गुरुकुल एकेडमी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबान संस्था होने के नाते खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों के लिए खेल मैदान, आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ उपलब्ध करा रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना है।
विद्यालय प्रबंधक मुकेश अग्रवाल व विद्यालय अध्यक्ष वीरेन्द्र शुक्ला ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होंगी। विद्यालय परिसर में खेलों को लेकर उत्साह का वातावरण है तथा सभी खिलाड़ी पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं।