


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी 17 जुलाई। छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में शुरू होने वाले श्रावण मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने नगर पालिका परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों, समाजसेवियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों संग बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा और मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक का सफल संयोजन एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ल रिंकू ने किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सभी विभाग समय रहते माइक्रो प्लानिंग पूरी कर प्रत्येक व्यवस्था तय समय सीमा में सुनिश्चित करें। गोला का श्रावण मेला आस्था और जनसहभागिता का प्रतीक है, इसलिए इस बार व्यवस्थाएं पहले से बेहतर होनी चाहिए। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी संवेदनशीलता और समर्पण से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर और प्रमुख चौराहों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बाबा भोले के लाइव दर्शन की व्यवस्था कराने, स्वच्छता, सुरक्षा, सुगम दर्शन और बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि श्रावण मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से सेवाभाव के साथ बेहतर समन्वय में कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि छोटी-सी मेहनत भी श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत बन सकती है। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी फोटो या वीडियो को सत्यता की पुष्टि किए बिना साझा न करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से श्रावण मेला सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होगा।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने मेला क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पार्किंग और आपातकालीन प्रबंधन को लेकर सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए। सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी लगातार धरातल पर एक्टिव मोड में रहकर सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली जाए। नगर पालिका और प्रशासन के अधिकारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने
श्रावण मेले के लिए पालिका की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं को रेखांकित किया। मेले के दौरान सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों का पूरा सहयोग मिलता है। वहीं मंदिर समिति के अध्यक्ष जनार्दन गिरी ने श्रावण मास की मुख्य धार्मिक तिथियों और जलाभिषेक के विशेष दिवसों की जानकारी साझा की।
*इनकी रही मौजूदगी :*
बैठक में सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एएसपी अमित कुमार राय, एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, सीओ महक शर्मा, अभिमन्यु त्रिपाठी, ईओ मुकेश कुमार मिश्र, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी, उद्यमी एवं सभासद मौजूद रहे।
