(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 15 जुलाई। शब्दों से नहीं, इशारों से संवाद… और उन इशारों में छिपे आत्मविश्वास ने डीएम अंजनी कुमार सिंह का दिल जीत लिया। आदर्श मूक-बधिर विद्यालय की ओर से आयोजित ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली को डीएम ने एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।

रैली रवाना करने से पहले डीएम विद्यालय के मूक-बधिर दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे। उन्होंने सांकेतिक भाषा के माध्यम से बच्चों से संवाद किया। बच्चों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ इशारों में अपने मन की बात कही। यह आत्मीय संवाद देख मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।

डीएम ने बच्चों की आर्ट कॉपियों और रचनात्मक कार्यों का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगता किसी की क्षमता की सीमा नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रतिभा हर बाधा को छोटा बना देती है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा को आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत माध्यम बताया।

रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में बच्चों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रामदुलारे वर्मा, संस्थाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार तोलानी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजकुमार, विद्यालय स्टाफ नीरज वर्मा, सरोज वर्मा, राहुल वर्मा, सरिता देवी, आरती वर्मा, अनामिका वर्मा, शिवानी सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली के संचालन में विद्यालय स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *