(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी 12 जुलाई। रविवार सुबह जिले में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 (‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान) का आगाज हुआ। इस दौरान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अगुवाई, नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस की देखरेख, डीएम अंजनी कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में वन एवं वन्यजीव विभाग और अन्य राजकीय कार्यदायी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी ने तय लक्ष्य के सापेक्ष पौधों का रोपण शुरू किया।
जिले में एक दिन में लक्ष्य 92 लाख 8 हजार 800 पौधे के सापेक्ष 92 लाख 8 हजार 800 पौधे रोपकर एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक चले इस अभियान में सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों व जागरूक नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों की सुरक्षा व देखभाल का संकल्प लिया।
रविवार को तहसील सदर, ब्लॉक नकहा अंतर्गत क्रमशः रवही पुल से चौका साइफन तक बायी पटरी और बेड़नापुर गो आश्रय स्थल के निकट साइट पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष राजेश वर्मा ने शुभारंभ किया। इस दौरान आयोग अध्यक्ष ने विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम अंजनी कुमार सिंह, डीएफओ तापस मिहिर, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता संग फलदार, छायादार, औषधीय पौध का रोपण किया। आचार्य अनूप मिश्रा ने वैदिक मंत्र पढ़कर पूरे विधि विधान से पौधों को विधिवत् पूजा अर्चना कर मंत्रोचारित किया। वेद मन्त्रों की गूंज रही ध्वनि के बीच आयोग अध्यक्ष ने पौध का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अफसरो संग ग्रामवासियों को पौधा प्रदान किए।

प्रकृति संरक्षण के लिए हर नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी : राजेश वर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि लखीमपुर खीरी की पावन धरती और इसकी श्रेष्ठ वायु गुणवत्ता हम सबके लिए गर्व की बात है। प्रकृति और पर्यावरण संतुलन बनाने के लिए अपने दायित्व का निवर्हन करने को हर नागरिक को ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम को समर्पित पौधरोपण महाभियान से जुड़ना होगा। हर व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ ही उसकी सुरक्षा का संकल्प भी लेना होगा। व्यापक पैमाने पर पौधरोपण के जरिये हम प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर वर्तमान और भावी पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं।

वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाकर पौधों का करें संरक्षण : डीएम अंजनी कुमार सिंह

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि धरती से भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ नारा हमारी संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण की भावना को दर्शाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि सिर्फ पौधे लगाएं नहीं, बल्कि उन्हें जीवित और सुरक्षित भी रखें। उन्होंने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का अभियान प्रारंभ हुआ है, जिसमें खीरी जनपद 92.08 लाख पौधों के साथ बड़ी भूमिका निभा रहा है।

धरती माता के स्वास्थ्य की रक्षा का सशक्त अभियान है ‘एक पेड़ मां के नाम’ : योगेश वर्मा*

विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महायज्ञ है। उन्होंने कहा कि धरती हमें अन्न, जल, फल और जीवन जीने के लिए अनुकूल वातावरण देती है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य धरती माता के स्वास्थ्य की रक्षा करना है, जिस पर पूरी मानव जाति आश्रित है।
इसके बाद आयोग अध्यक्ष राजेश वर्मा ने विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम अंजनी कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता के साथ नकहा ब्लॉक के बेड़नापुर गो आश्रय स्थल में उन्होंने फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। गो आश्रय स्थल में उन्होंने गोवंशों का पूजन कर हरा चारा और गुड़ भी खिलाया।

नोडल ने भ्रमणशील रहकर किया अभियान का अनुश्रवण, किया पौधरोपण

अभियान की नोडल अधिकारी व गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस ने रविवार को सीडीओ अभिषेक कुमार, डीएफओ तापस मिहिर, एसडीएम (सदर) अश्विनी कुमार सिंह, डीसीओ जितेंद्र कुमार मिश्र संग ब्लॉक फूलबेहड़ के ग्राम खंभारखेड़ा, ग्राम मैनहा और ब्लॉक लखीमपुर के ग्राम खेतोसा में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने अभियान के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने कहा कि जीवन बिना वन के संभव नहीं है। धरती का श्रृंगार वृक्ष हैं, जिन्हें संकल्पित होकर बचाना होगा। सभी नागरिकों को चाहिए कि वे हर खाली भूमि पर पौध लगाएं, ताकि आने वाली पीढ़ी को एक हरा-भरा और स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि धरती, पर्यावरण और भविष्य को सुरक्षित करना है तो आज ही पौधरोपण का संकल्प लें।

वन रेंजों में भी दिखा पौधरोपण महायज्ञ का उत्साह, जनप्रतिनिधियों ने रोपे पौधे, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत जिले की विभिन्न वन रेंजों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों एवं वन विभाग के कर्मचारियों ने पौधरोपण किया। मैगलगंज रेंज में विधायक सौरभ सिंह सोनू एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर, मोहम्मदी रेंज में विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने पौधों का रोपण किया। गोला रेंज में विधायक प्रतिनिधि मोंटी गिरी व ब्लॉक प्रमुख विमल वर्मा ने हरिशंकरी पौध लगाई। उत्तर निघासन रेंज के बथुआ वन ब्लॉक में ग्रामीणों, विद्यार्थियों व जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। विधायक मंजू त्यागी ने खंभारखेड़ा और विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने सीएचसी धौरहरा में पौधरोपण किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर विभिन्न स्थलों पर छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया। वन विभाग की देखरेख में चले अभियान में लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *