पलिया कलां (खीरी)पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से दिनांक 12.07.2026 को 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया एवं वन विभाग, पलिया द्वारा संयुक्त रूप से गदनिया ब्लॉक-01 में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
इस अवसर पर दुर्गा बहादुर सोनार, उप महानिरीक्षक, सीमान्त मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत, रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी, कमांडेंट, 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया, वाहिनी के अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, बल कार्मिक, वाहिनी की संदीक्षा सदस्याएँ तथा वन विभाग की ओर से विनय कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी, पलिया रेंज एवं सूरज सिंह बिष्ट, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी, पलिया रेंज उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की । इस अवसर पर उप महानिरीक्षक ने उपस्थित बलकार्मिकों एवं सभी संदीक्षा सदस्याओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया । उपमहानिरीक्षक ने कहा कि वृक्ष केवल प्राकृतिक संसाधन ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं । प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प ले, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके ।
कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी ने वन विभाग के अधिकारियों एवं समस्त प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सशस्त्र सीमा बल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रमों में भी निरंतर सक्रिय सहभागिता निभाता रहेगा ।