पलिया कलां (खीरी) गोला, लखीमपुर खीरी ।12 जुलाई 2026पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करते हुए बजाज हिन्दुस्थान शुगर्स लिमिटेड, गोला द्वारा “जड़ से जुड़ो” अभियान के अंतर्गत एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान यूनिट हेड श्री राकेश यादव ji के कुशल एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना है। इस अवसर पर बजाज गोला परिवार के सभी वर्गों के कर्मचारियों, मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा प्रबंधन टीम ने अत्यंत उत्साह एवं समर्पण के साथ भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने प्लांट परिसर एवं टाउनशिप में बड़ी संख्या में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से सामूहिक रूप से मुकाबला करने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम को गन्ना समिति, वन विभाग एवं श्रम विभाग का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। गन्ना समिति के सचिव, वन विभाग एवं श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए स्वयं पौधारोपण किया तथा सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फैक्ट्री मैनेजर श्री अजीत तिवारी, श्रम विभाग के प्रतिनिधि श्री अनुज वर्मा, गन्ना समिति के सचिव डॉ. बलवंत चौधरी, यूनियन प्रतिनिधि श्री शैलेन्द्र शाह, श्री गिरिजा शंकर एवं श्री दीनानाथ यादव, हेड–इलेक्ट्रिकल श्री खुशाल सिंह, हेड–हॉर्टिकल्चर श्री धर्मेन्द्र सचान तथा एजीएम–केन श्री ओ. पी. शर्मा ने कहा कि “आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य में किया गया एक अमूल्य निवेश है।” उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल उद्योगों की कॉर्पोरेट जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने सभी से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
यह वृक्षारोपण अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि प्रकृति के प्रति संगठन की गहरी आस्था, जैव विविधता के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक सार्थक पहल थी। सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे एक सशक्त वृक्ष के रूप में विकसित करेंगे, क्योंकि प्रत्येक वृक्ष स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, हरित पर्यावरण तथा स्वस्थ जीवन का आधार है।
इस अवसर पर प्रबंधन ने पुनः दोहराया कि बजाज हिन्दुस्थान शुगर्स लिमिटेड, गोला सदैव औद्योगिक विकास एवं पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है। “जड़ से जुड़ो” जैसे अभियान संगठन की सतत विकास नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनके माध्यम से कर्मचारियों, हितधारकों एवं स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण हेतु सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाता है।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा यह सामूहिक संकल्प लेते हुए किया गया कि वे प्लांट, टाउनशिप एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में निरंतर अपना योगदान देते रहेंगे। यह आयोजन पूरे बजाज गोला परिवार की एकजुटता, उत्साह एवं पर्यावरण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।
“आज एक पौधा लगाएँ, कल का भविष्य बचाएँ।”
बजाज गोला परिवार पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्णतः समर्पित है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं हरित अभियानों के माध्यम से स्वच्छ, हरित और सतत भारत के निर्माण में अपना योगदान निरंतर देता रहेगा। जारीकर्ता: अजीत तिवारी हेड – मानव संसाधन एवं फैक्ट्री प्रशासन