(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 07 जुलाई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाएं जाने, यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक का संयोजन, संचालन पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड (तृतीय) के अधिशाषी अभियंता अनिल कुमार यादव और एआरटीओ शांति भूषण पांडे ने संयुक्त रूप से किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने जिले में घटित दुर्घटनाओ का विश्लेषण करते हुए नए ब्लैक स्पॉट एवं बनरेबल लोकेशन चिन्हित करने के निर्देश दिए। डीएम ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर अब तक कराए गए सुधारात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभाव और परिणामों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से रोड इंजीनियरिंग एवं डिजाइनिंग में किए गए सुधारों पर भी विस्तार से चर्चा की और आवश्यक तकनीकी उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सड़क सुरक्षा के मद्देनज़र सीटबेल्ट, हेलमेट और ओवर स्पीडिंग की नियमित निगरानी करने पर ज़ोर दिया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर चालान किए जाएंगे। जिले में जहां पर घुमावदार स्थान तथा ब्लाइंड स्पॉट है, वहां से सौ मीटर पूर्व में साइनेज लगाने के दिशा निर्देश दिया।

एआरटीओ ने प्रवर्तन, अवैध अतिक्रमण पर की गई कार्यवाहिया बताई। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए गए हैं। यदि संबंधित वाहन चालक दोबारा नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, तो उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।

बैठक में डीएम ने जनपद में घटित दुर्घटनाओं का विश्लेषण, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (वनरेबल लोकेशन), स्कूली वाहनों के मानकों अनुरूप होने पर ही संचालन, सड़क सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न विभागों द्वारा सड़कों की मरम्मत/गड्ढामुक्ति, कास ड्रेनेज वर्क (पुल, पलिया, रपटा आदि) एवं तटबंध की सड़कों की सुरक्षा संबंधी कार्यवाही, विभिन्न चीनी मिलों पर वाहन प्रबन्धन की चर्चा, सकरे/जर्जर सेतुओं के संबंध में चर्चा, शहरी क्षेत्र में चौराहे/तिराहों पर स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण एवं रोड साइड सुधार, सड़क सुरक्षा, एवं राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों की योजना पर विस्तृत चर्चा हुई।

*स्कूली वाहनों की फिटनेस और परमिट में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम*

*-जिला विद्यालय परिवहन यान समिति की बैठक में डीएम ने दिए कड़े निर्देश, मानकों के अनुरूप संचालन पर जोर*
जिला विद्यालय परिवहन यान समिति की बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्कूली वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सड़कों पर संचालित हों, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

बैठक में डीएम के पूछने पर एआरटीओ ने अवगत कराया कि जनपद में 11 स्कूली वाहनों की फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी है, जबकि 18 वाहनों के परमिट फेल हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि स्कूली वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस, परमिट, सुरक्षा उपकरणों और अन्य आवश्यक मानकों का अनुपालन प्रत्येक दशा में कराया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जाए।

*इनकी रही मौजूदगी* :

बैठक में सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एआरटीओ शांति भूषण पांडेय, ईई पीडब्ल्यूडी अनिल कुमार यादव, तरुणेन्द्र त्रिपाठी, एआरएम रोडवेज लखीमपुर/गोला, जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए, शुगर मिल के प्रतिनिधि, सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सम्मानित सदस्य मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed