


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) स्थानीय सरस्वती शिशु मन्दिर इण्टर कॉलेज फतेहपुर में आज शिशु भारती छात्र संसद एवं कन्या भारती के सदस्य एवं पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम समारोह पूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ फतेहपुर तहसील की तहसीलदार वैशाली अहलावत एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख दिनेश वर्मा के द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन के साथ हुआ। शिशु भारती एवं कन्या भारती के पदाधिकारियों को व न्यायाधीश पद के लिए अनुप्रिया वर्मा को शपथ ग्रहण करवाते हुए मुख्य अतिथि वैशाली अहलावत ने पदाधिकारियों को कर्तव्य बोध कराते हुए प्रजातान्त्रिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए मानव मूल्यों एवं जीवन लक्ष्य प्राप्ति की ओर निरन्तर गतिमान रहने की प्रेरणा दी। भैया बहनों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा शिक्षा विकास के नवीन स्वर्णिम द्वार खोलती है, जिससे आत्मविकास होता है। किसी भी दायित्व पर पहुंचकर नैतिक मूल्यों को हमेशा वरीयता दें।
छात्र संसद के प्रधानमन्त्री सुशील सिंह व मन्त्रिमण्डल के अन्य मन्त्री, सदस्यों एवं पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए पूर्व ब्लाक प्रमुख दिनेश वर्मा ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए ज्ञान के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से जीवन के हर क्षेत्र में तरक्की का मार्ग खुलता है। शिक्षा से प्राप्त ज्ञान जीवन में दूसरे साथी अपने सहोदर जैसा होता है जिससे सामाजिक जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के नवीन आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। ज्ञान के साथ साथ नैतिक व आध्यात्मिक बोध आवश्यक है जो इन सरस्वती विद्यालयों में दिया जाता है। ज्ञान के साथ साथ जीवन जीने की कला सिखाते हैं ये विद्यालय। उन्होंने भैया बहनों को सम्बोधित करते हुए कहा आप सभी छात्र सौभाग्य शाली हो जो ऐसे पुनीत संस्थान में शिक्षा ग्रहण करने का सौभाग्य पा रहे हो। ये विद्यालय परिवार भाव से चलते हैं यहाँ शिक्षण करने वाले व्यक्ति केवल शिक्षक नहीं वो आपके अभिभावक भी हैं जो आपको ज्ञान के साथ जीवन जीने के गुण भी सिखाते हैं। इन संस्थानों की वन्दना बेला आत्मिक आनन्द की अनुभूति कराती है साथ ही दिन भर की दिनचर्या का आनन्ददायक आधार बनाती है। विद्यार्थी जीवन के इस काल खण्ड में अच्छा परिश्रम करो जीवन लक्ष्य को प्राप्त करो ऐसी शुभ कामनाएं देते हुए उन्होंने आगे कहा आज जो भी आपको छात्र संसद व कन्या भारती शिशु भारती के दायित्व दिए गए हैं उनका ठीक से निर्वहन करिए आगे का मार्ग ईश्वर प्रशस्त करें ऐसा मेरा आशीष है। इस अवसर पर आस्था गुप्ता व उसकी सहयोगी बहनों ने कई मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिनकी सभी दर्शकों व अधिकारियों ने मुक्त कण्ठ से प्रसंशा की।
कोषाध्यक्ष विजय जैन ने संसदीय प्रणाली के महत्व को रेखांकित किया।
आभार ज्ञापन प्रबन्धक लालबहादुर वर्मा ने किया। कार्यक्रम की भूमिका बताते हुए अतिथि परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य बीरेन्द्र कुमार वर्मा ने कराया। शिशु भारती प्रमुख जगदीश प्रसाद, दिनेश वीर विक्रम सिंह, कन्या भारती प्रमुख सुश्री प्रिया सैनी, प्रथम सहायक अनिल वर्मा जी, तथा समस्त आचार्य गण उपस्थित रहे। सञ्चालन वरिष्ठ आचार्य वीरेन्द्र शर्मा ने किया।
