पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 02 जुलाई। ग्रामीण रोजगार और आजीविका को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से शुरू हुए ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ का गुरुवार को जिले के सभी 15 विकास खंडों की चयनित दो-दो ग्राम पंचायतों में एक साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रमों में नामित नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने राष्ट्रीय स्तर के शुभारंभ कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग देखी और मिशन की जानकारी प्राप्त की।
मुख्य कार्यक्रम ब्लॉक एवं तहसील लखीमपुर की ग्राम पंचायत खेतौसा स्थित पंचायत भवन में आयोजित हुआ। यहां डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मिशन का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण परिवारों को रोजगार, आजीविका और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध हों, ताकि गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
डीएम ने कहा कि खेतोसा से इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत होना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। खेती-किसानी के 60 दिनों को छोड़कर शेष अवधि में पात्र परिवारों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी दी जाएगी। कहा कि यह केवल रोजगार देने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के श्रम से गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण कराने का भी अभियान है। डीएम ने ग्रामीणों, ग्राम प्रधान और विकास विभाग के अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना जिले में ग्रामीण आजीविका को नई दिशा देने के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पीडी (डीआरडीए) सतीश कुमार पाण्डेय और डीसी मनरेगा अमित कुमार परिहार ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने वाला अभियान है। इसके माध्यम से ग्रामीण रोजगार, आजीविका सुरक्षा और गांवों के सतत विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मिशन का प्रमुख उद्देश्य श्रमिकों की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है।
*डीएम ने श्रमिकों को सौंपे फावड़ा व तसला, दिया श्रम सम्मान का संदेश*
इस अवसर पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीसी मनरेगा अमित कुमार राय तथा बीडीओ संदीप कुमार की उपस्थिति में पांच महिला एवं पांच पुरुष श्रमिकों को फावड़ा और तसला वितरित कर श्रम सम्मान का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का आह्वान भी किया।
*विकास खंडों में गूंजा विकसित भारत-जी -राम-जी का संदेश*
जिले के अन्य विकास खंडों में भी विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने योजना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील की।