(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 29 जून। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में “व्यापारी कल्याण दिवस” के रूप में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला प्रशासन और राज्य कर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में जिले के व्यापारियों सहित विभिन्न वर्गों की बड़ी भागीदारी रही। कार्यक्रम का सफल संयोजन उपायुक्त (राज्यकर) चरण सिंह वर्मा ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत डीएम अंजनी कुमार सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह ने दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण के साथ की। इस दौरान संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्र मुक्त कर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि भामाशाह का त्याग, समर्पण और निःस्वार्थ सेवा भाव आज के युग में भी उतना ही प्रासंगिक है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज हित में कार्य करना चाहिए। दानवीर भामाशाह के जीवन मूल्यों, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि भामाशाह जैसे महान दानवीरों के कारण ही इतिहास में देश ने अनेक बार संकटों से मुक्ति पाई।

डीएम ने कहा कि शासन और प्रशासन उद्यमियों एवं व्यापारियों को सुरक्षित, पारदर्शी और निवेश-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने, निवेश संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने, समस्याओं का त्वरित समाधान करने और उद्योग-व्यापार के अनुकूल माहौल तैयार करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह ने कहा कि भामाशाह का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और लोककल्याण की अनुपम मिसाल है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में उपायुक्त (राज्यकर) चरण सिंह वर्मा, सहायक आयुक्त सत्य प्रकाश पांडे, चंद्रभानु सरोज, अरविंद कुमार, बैजनाथ, दिनेश कुमार, भारत भूषण, राज्य कर अधिकारी संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी-गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

*जिले में सर्वोच्च राजस्व कर देने वाले व्यापारी सम्मानित, डीएम ने किया प्रशस्ति पत्र भेंट*
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सर्वाधिक राजस्व कर जमा कर जनपद के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रतिष्ठित व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में मूसाराम इंटर प्राइजेज, मूसाराम ऑटो सेल्स, जीवन मोटोकॉर्प प्रा. लि., यूएस एरोमोटिक्स, शुभम आयरन ट्रेडर्स, श्रीराम मार्बल एंड टाइल्स, एक्शन सिक्योरिटी गार्ड सर्विस, बालाजी कॉन्ट्रेक्टर, दया विनियर (मुसेपुर) तथा अटल इंटरप्राइजेज के व्यापारी प्रमुख रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *