
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)डीएम अंजनी कुमार सिंह ने तहसील गोला अंतर्गत शारदा नदी के दाहिने किनारे स्थित ग्राम बझेड़ा में वर्ष 2021 में निर्मित कटान निरोधक परियोजना के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि नदी का प्रवाह वर्तमान में परियोजना से सटकर बह रहा है, जिससे संरचना पर दबाव बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के लिए 5 मीटर × 5 मीटर आकार के 10 कटरों का निर्माण कराया गया है, ताकि नदी की धारा को मोड़कर तटबंध से दूर किया जा सके।
इसके साथ ही चार अलग-अलग स्थानों पर बालू का पर्याप्त स्टॉक तैयार रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कटान रोकने की कार्रवाई की जा सके। डीएम ने निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और हर हाल में ग्राम एवं संरचना की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
