(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)। बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड चीनी मिल पलिया एवं आसवनी इकाई में शनिवार को उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा द्वारा अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक अग्निशमन एवं सुरक्षा अधिकारी राहुल कुमार वर्मा तथा उनकी टीम के सदस्यों सरताज एवं दीपक ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं आग पर नियंत्रण पाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने मॉक ड्रिल के माध्यम से आग बुझाने के व्यावहारिक उपायों का प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क एवं सुरक्षित रहने के लिए प्रशिक्षित किया।
इस अवसर पर एफ एसओ राहुल कुमार वर्मा एवं उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा की टीम की उपस्थिति में सीमित संसाधनों की उपलब्धता में घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने का भी प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
उपनिरीक्षक अग्निशमन ने बताया कि जिन स्थानों पर आग लगने की संभावना रहती है, वहां पानी से भरी बाल्टियां, मग, सूती कपड़ा तथा बालू की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे प्रारंभिक अवस्था में आग पर शीघ्र नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे सूती चादर अथवा टाट के बोरे से ढककर आग को नियंत्रित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोग एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए रास्ता प्रदान करते हैं, उसी प्रकार अग्निशमन वाहनों को भी निर्बाध मार्ग उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि वे शीघ्रता से घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर सकें।
कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, चीनी मिल एवं आसवनी इकाई के श्रमिक, सुरक्षा कर्मी तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *