(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 19 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को इस बार गांवों तक जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी है। पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से ग्राम प्रधानों को भेजे गए संदेश के बाद जिले का प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार ने ग्राम प्रधानों के साथ वर्चुअल संवाद कर योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की और संदेश दिया कि 21 जून को जिले की कोई भी पंचायत योग कार्यक्रम से अछूती नहीं रहनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में ग्राम प्रधानों से आह्वान किया है कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखकर जनजीवन का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ गांव ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

प्रधानमंत्री के संदेश के बाद जिले में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने ग्राम प्रधानों से कहा कि योग दिवस को सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाए। 20 जून को स्वच्छता अभियान चलाकर पंचायत भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरो और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को योग स्थलों के रूप में तैयार करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि हर गांव में 21 जून को अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। यदि गांव स्वस्थ होंगे तो विकसित भारत का सपना भी तेजी से साकार होगा।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि ग्राम प्रधान इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी से ही योग दिवस का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचेगा। उन्होंने प्रधानों से आयोजन स्थलों की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने को कहा। डीपीआरओ विशाल सिंह ने वर्चुअल बैठक की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताते हुए बैठक का सफल संचालन नियम संयोजन किया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed