(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 15 जून। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी 17 एवं 18 जून को जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा करने के साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगी।

कार्यक्रम के अनुसार 17 जून को पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित होगी। इसमें जिले भर की महिलाएं अपनी शिकायतें सीधे आयोग सदस्य के समक्ष रख सकेंगी। जनसुनवाई में पुलिस, स्वास्थ्य, बाल विकास, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को अद्यतन रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जनसुनवाई के बाद आयोग सदस्य जिला कारागार का निरीक्षण कर महिला बंदियों की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करेंगी। इसके उपरांत जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेंगी। दौरे के दूसरे दिन 18 जून को वह ब्लॉक पसगवां में आयोजित नारी चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यहां महिलाओं को जागरूक करने के साथ उनकी समस्याओं को सुना जाएगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *