
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 12 जून। प्रसिद्ध शिव मंदिर लिलौटी नाथ में इन दिनों विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। सीडीओ अभिषेक कुमार की अभिनव पहल और सतत निगरानी के चलते मंदिर परिसर एवं आसपास क्षेत्र तेजी से नए स्वरूप में ढल रहा है। वर्षों से लंबित बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण कार्य अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह है।
शुक्रवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग द्वारा मंदिर मार्ग का चौड़ीकरण एवं पुल निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिससे आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा। वहीं परिसर में लगाए गए नए विद्युत पोल और लाइटों से रात्रिकालीन व्यवस्था भी सुदृढ़ हुई है।
*चबूतरा फिनिशिंग पर, घाट को मिला नया स्वरूप, श्रद्धालुओं में खुशी*
मंदिर परिसर में चल रहा चबूतरा निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसके पूरा होने पर परिसर का सौंदर्य और अधिक निखरेगा तथा श्रद्धालुओं के लिए बैठने एवं पूजा-अर्चना की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। वहीं स्टील बेंच लगाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। नदी की व्यापक सफाई कर घाट को उसके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित किया गया है, जिससे क्षेत्र का धार्मिक एवं पर्यटन महत्व और बढ़ गया है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने मंदिर प्रबंधन से संवाद कर विकास कार्यों को समन्वय के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
