
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी),“विश्व तम्बाकू निषेध दिवस” के अवसर पर दिनांक 31.05.2026 को 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया में जन-जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “तम्बाकू निषेध प्रतिज्ञा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस अवसर पर सचिन कुमार, उप कमांडेंट द्वारा वाहिनी में उपस्थित समस्त बलकर्मियों को तम्बाकू एवं उससे निर्मित उत्पादों के सेवन से दूर रहने तथा इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने की प्रतिज्ञा दिलाई गई । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप कमांडेंट ने कहा कि तम्बाकू का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है । इससे कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित अनेक गंभीर रोगों का खतरा बढ़ जाता है । उन्होंने सभी कार्मिकों से तम्बाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया । उपकमांडेंट ने कहा कि “विश्व तम्बाकू निषेध दिवस” का उद्देश्य लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है । इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं कार्मिक उपस्थित रहे । कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित कार्मिकों द्वारा तम्बाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ ।
