पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 11 मई। सोमवार को जनपद में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह के साथ आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय से लेकर सभी ब्लॉकों एवं शिवालयों में विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ संपन्न कराई गईं।
सुबह से ही शिवालयों में घंटा-घड़ियाल और ओंकार जाप की गूंज ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। स्वच्छता अभियान के साथ शुरू हुए कार्यक्रमों में रुद्राभिषेक, महाआरती और दीपोत्सव ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। हर ओर “ॐ नमः शिवाय” की गूंज और दीपों की जगमगाहट ने वातावरण को अलौकिक बना दिया।
जिला स्तर पर फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में पर्यटन सूचना अधिकारी संजय भंडारी की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक सदर योगेश वर्मा ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देते हैं। इस दौरान सोमनाथ संकल्प संवाद, प्रवचन और भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का सीधा प्रसारण भी विभिन्न स्थानों पर स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया, जिसे लोगों ने बड़े ध्यानपूर्वक देखा। इस दौरान पीएम के भाषण की लाइव स्ट्रीमिंग देखी और सुनी गई।
विकास खंड स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों की निगरानी और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शिवालयों को दीपों एवं पुष्पों से सजाया गया। विद्यालयों में भी इस अवसर पर रंगोली, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।