

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां, (खीरी)नगर पालिका परिषद पलिया कलां की अध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में आयोजित कैम्पों का निरीक्षण किया तथा आम जनमानस को स्वगणना के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और सही जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना को सफल बनाएं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड सभासद भी उपस्थित रहे। अध्यक्ष ने कैम्पों में की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभियान को अधिक प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पलिया कलां के अधिशासी अधिकारी विजय बहादुर यादव ने बताया कि स्वगणना को व्यापक जनअभियान का स्वरूप देने के उद्देश्य से नगर के सभी वार्डों में विशेष कैम्प आयोजित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक तक स्वगणना की जानकारी पहुंचे और अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया से जुड़ें।
पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वगणना अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाकर जनगणना 2027 को सफल बनाने में सहयोग करें। इस दौरान प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं संबंधित पालिका स्टाफ की उपस्थिति रही।
